मित्रों!
पिछले दिनों इस तरह की अनेक शिकायतें प्राप्त हुई थीं कि कुछ पोस्टें अनेक ब्लागों पर मामूली समय के अंतराल से अलग-अलग शीर्षकों से प्रकाशित की जाती हैं। कभी कभी तो उन के शीर्षक तक नहीं बदले जाते हैं। इस से संकलक के मुख पृष्ठ पर स्थान कम रहता है और कम से कम एक ब्लाग पोस्ट को मुखपृष्ठ से हटने का खामियाजा भुगतना पड़ता है। यह खामियाजा कभी न कभी सभी ब्लागरों को उठाना होता है। एक ही पोस्ट अनेक बार मुखपृष्ठ पर दिखाई देने से संकलक के पृष्ठ का सौंदर्य भी नष्ट होता है। कई बार एक ही ब्लागर ने अनेक ब्लाग बनाए होते हैं और वह उन सब या कुछ ब्लागों पर मामूली अंतराल के साथ पोस्टें डालता है। इस से संकलक के मुख पृष्ठ पर एक ही व्यक्ति का प्रोफाइल चित्र अनेक बार दिखाई देता है, इससे संकलक के मुख पृष्ठ के सौंदर्य में तो कमी लाता ही है साथ ही सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इससे अन्य उपयोगकर्ताओं के अधिकार का हनन भी होता है। यह भी शिकायत थी कि कुछ ब्लागों पर गाली-गलौच का प्रयोग होता है, यह प्रयोग कभी पोस्ट में तो कभी टिप्पणियों में होता है।
हमारीवाणी संकलक ने इन शिकायतों के संबंध में कार्यवाही की और कुछ पोस्टों को, तो कुछ ब्लागों को हमारीवाणी से हटाना पड़ा। आज भी एक शिकायत प्राप्त हुई है कि एक ही पोस्ट शीर्षक बदल कर दो ब्लागों पर प्रकाशित की गई है। यह दोनों पोस्टें संकलकों पर एक के पीछे दूसरी दिखाई दे रही है। लेकिन उस के विरुद्ध कार्यवाही नहीं की गई है। हमारीवाणी फैसला लेने से पूर्व धर्म, लिंग और प्रभाव देखती है। शिकायतकर्ता ने अपनी पहचान प्रकट नहीं की है। लेकिन शिकायत सही पाई गई है और कार्यवाही करना आवश्यक समझा गया है।
हमारीवाणी ने सम्बन्धित ब्लागर को सूचित किया है कि उसे ऐसा नहीं करना चाहिए। उसे यह भी कहा गया है कि वह इस पर खेद व्यक्त करे और भविष्य में ऐसा न करने का वचन दे तो उस की दोनों में से एक पोस्ट को संकलक से हटा दिया जाएगा। लेकिन यदि वह भविष्य में ऐसा नहीं करने का वचन दे कर भी ऐसा करता है या खेद व्यक्त करने के साथ ऐसा वचन नहीं देता है। उस ब्लागर के दोनों ब्लागों को संकलक से हटा दिया जाएगा। वर्तमान में ऐसी शिकायतें कम हैं, इस कारण से हम ब्लागरों को सूचित कर के कार्यवाही कर रहे हैं। लेकिन शिकायतें अधिक होने पर ब्लागरों को सूचित करना संभव नहीं हो सकेगा और यह हो सकता है कि हमारीवाणी को ब्लागर को सूचित किए बिना ही यह कार्यवाही करनी पड़े।
शिकायतकर्ता ने अपनी पहचान छुपाई है, लेकिन हम जानते हैं कि यह शिकायत किस ने की है। यह तो उन्हों ने अपनी शिकायत में ही प्रकट किया है कि वे हमारीवाणी की कार्यवाही के भुक्तभोगी हैं। हमारा उन से कहना है कि हमारीवाणी संकलक किसी भी तरह का निर्णय लेने में किसी ब्लागर के साथ कोई भेदभाव नहीं करता, लेकिन इस पर अवश्य विचार करता है कि भारतीय ब्लागरी का हित किस में है, वह यह भी देखता है कि संकलक को ब्लागरों के बहुमत की अपेक्षाओं के अनुरूप विकसित किया जाए और उस का सौंदर्य बना रहे।
वर्तमान में हिन्दी ब्लागरी को अच्छे संकलकों की आवश्यकता है। हमारीवाणी ब्लागरों की आकांक्षाओं के अनुरूप उसे विकसित करने को प्रतिबद्ध है। सभी ब्लागरों को इस काम में हमारीवाणी संकलक को सहयोग करना चाहिए। सभी ब्लागरों से हमारा आग्रह है कि वे हमारीवाणी को सहयोग करें।